लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 8 लोकसभा क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल दिन शुक्रवार को हो रहा है। जिसमें कुल 80 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 7 महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं। सबसे अधिक 14 उम्मीदवार कैराना लोकसभा क्षेत्र से हैं, जबकि सबसे कम 6-6 उम्मीदवार नगीना (अ0जा0) और रामपुर लोकसभा क्षेत्र से हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा और मतदाताओं की संख्या 1,44,01,543 है।
सुरक्षा के लिए हाइटेक है चुनाव आयोग की व्यवस्था
उत्तर प्रदेश के पहले चरण की वोटिंग के लिए मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 8 सामान्य प्रेक्षक, 5 पुलिस प्रेक्षक और 10 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न कराने के लिए 4083 भारी वाहन, 5058 हल्के वाहन और 65380 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं।
18662 ईवीएम मशीन का इस्तेमाल
पहले चरण की वोटिंग में 18,662 ईवीएम की कंट्रोल यूनिट, 18734 बैलट यूनिट और 19603 वी0वी0पैट तैयार किए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। 50 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तरों पर किया जा रहा है ।
उत्तर प्रदेश के प्रथम चरण में कुल 111 आदर्श मतदेय स्थल, 45 समस्त महिला प्रबंधित मतदेय स्थल, 36 समस्त युवा कर्मी मतदेय स्थल तथा 32 समस्त दिव्यांग प्रबंधित मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदाताओं को वोटर इन्फार्मेशन स्लिप वितरित की गई है, जिससे उन्हें अपने वर्तमान मतदेय स्थल एवं क्रम संख्या की जानकारी हो सकेगी। मतदाताओं की सुविधा हेतु वोटर गाइड का भी वितरण किया गया है।
वोटिंग के दौरान शिकायत करने और समाधान के लिए टोल फ्री नंबर जारी
मतदान की अवधि में सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे एल्फाबेटिक लोकेटर मतदाता सूची के साथ हेल्पडेस्क पर उपस्थित रहेंगे एवं आने वाले मतदाताओं की सहायता करेंगे। दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर एवं जगह-जगह पर वॉलन्टियर की व्यवस्था की गई है। मतदाता फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 अन्य पहचान पत्र मतदेय स्थल पर मतदाताओं की पहचान किये जाने हेतु मान्य होंगे। मतदान से संबंधित कोई भी शिकायत 18001801950 पर काल करके दर्ज कराई जा सकती है।
