
मुंबई (महाराष्ट्र). गुजरात की एटीएस ने मौलाना मुफ्ती सलमान अजहरी को अरेस्ट कर लिया है। मौलाना अजहरी नफरती भाषण फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। एटीएस ने मुंबई के घाटकोपर से गिरफ्तार किया है। मुंबई के डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने यह बताया कि घाटकोपर के साथ-साथ पूरे मुंबई में शांति है। पुलिस सड़कों पर तैनात है। हर जगह शांति व्यवस्था बनी है। अफवाहों पर ध्यान देने से बचते रहें। पुलिस के अनुसार मौलाना के ऊपर धारा 153ए, 505 सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
2 दिन की ट्रांजिट डिमांड पर अजहरी
मौलाना अजारी के वकील आरिफ सिद्दीकी ने यह बताया कि पुलिस ने ट्रांजिट डिमांड के लिए आवेदन किया था, लेकिन हमने उसका विरोध कर दिया है। अजहरी को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया था। हमें नोटिस देना चाहिए था लेकिन अभी तक नोटिस नहीं दिया गया। मौलाना अजारी को 2 दिन की ट्रांजिट डिमांड पर भेज दिया गया है। मौलाना को गुजरात एटीएस जूनागढ़ लेकर जाएगी।
मौलाना ने समर्थकों से यह किया आग्रह
मौलाना अजहरी को हिरासत में लेने के कारण उनके समर्थकों द्वारा आक्रोश और बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन जारी है। मौलाना ने अपने समर्थकों से घाटकोपर पुलिस स्टेशन के बाहर कर रहे विरोध प्रदर्शन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने यह कहा कि हमें जोश में होश नहीं खोना चाहिए। स्थिति चाहे कैसी भी हो, हमें उसका डटकर सामना करना चाहिए। मैं अपराधी नहीं हूं और ना ही मुझे किसी अपराध के लिए यहां पर लाया गया है। प्रशासन जांच व्यवस्था कर रहा है, मैं जांच में सहयोग भी कर रहा हूं। इसलिए आप सभी लोग कानून व्यवस्था बनाए रखें। यदि आप मुझे इतना प्यार करते हैं तो यह जगह अभी खाली कर दें।
मौलाना पुलिस का सहयोग करने के लिए तैयार
मौलाना के वकील ने यह बताया कि मौलाना के घर सुबह-सुबह 35 से 40 पुलिसकर्मी पहुंचे थे। पुलिसकर्मी उनको जब ले जा रहे थे, तब उन्होंने यह बताया कि गुजरात में उनके खिलाफ 153 बी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मौलाना पुलिस का सहयोग करने के लिए तैयार हो गए हैं।
