UP Budget 2024 : CM योगी बोले- इतिहास का सबसे बड़ा समग्र विकास का बजट प्रभु राम को समर्पित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इसकी खास बात यह है कि हमने जनता के ऊपर कोई भी किसी प्रकार का कर नहीं लगाया है। इसके बावजूद भी प्रदेश के राजस्व को बढ़ाने में सफलता प्राप्त कर ली है।


लखनऊ (उत्तर प्रदेश). वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट विधानसभा में पेश कर दिया गया है। इस बजट का आकार 7,36000 करोड़ रुपए से ज्यादा का है। यह अब तक के इतिहास का सबसे बड़ा बजट पेश किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा बजट आस्था,अंत्योदय व विकास के लिए है। यह सभी का विकास करने की अवधारणा के साथ प्रभु राम को समर्पित है।
योगी बोले- प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इसकी खास बात यह है कि हमने जनता के ऊपर कोई भी किसी प्रकार का कर नहीं लगाया है। इसके बावजूद भी प्रदेश के राजस्व को बढ़ाने में सफलता प्राप्त कर ली है। राजकोषीय संतुलन बनाए रखने के लिए हमने पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से काम किया है। हमने प्रदेश की बेरोजगारी को नियंत्रित किया है। अब 2.4 फीसदी के आसपास आ गई है। कानून की व्यवस्था को मजबूत बनाने से निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। इससे आने वाले समय में लाखों रोजगार पैदा होंगे। प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्राप्त हुए हैं, जिससे एक करोड़ से अधिक रोजगार उत्पन्न होंगे। हमने गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए अच्छा काम किया है।
मोदी का विजन होगा साकार
मुख्यमंत्री ने यह बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो विजन है कि यूपी देश की ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित किया जाए। उस सपने को हम साकार करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना कर दिया गया है। यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए और अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन तक पहुंचाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह बजट लोक मंगल और कल्याणकारी है। इस बजट के द्वारा हमें इस चीज का पता चलता है कि उत्सव, उद्योग और उम्मीद अपने यूपी की पहचान बन गए हैं।
